कोरोना महामारी के हंगामे और लॉकडाउन के सन्नाटे में पिछले हफ़्ते 40 मुस्लिम परिवारों के 250 से ज़्यादा सदस्यों ने बहुत ही ख़ामोशी से धर्म परिवर्तन करते हुए हिंदू धर्म स्वीकार कर लिया और कहीं कोई हंगामा नहीं हुआ है।
मीडिया ने भी इसे एक सामान्य और मामूली घटना समझकर नज़र अंदाज़ कर दिया।
यूं तो बड़े पैमाने पर मुसलमानों के धर्मांतरण की आरएसएस की योजना नई नहीं है और 2014 में प्रधान मंत्री मोदी के सत्ता संभालने के बाद से घर वापसी जैसे अभियानों के तहत मुसलमानों को हिंदू बनाने, उनके मूल अधिकार छीनने और भारत को इस्लाम मुक्त देश बनाने की कोशिशें तेज़ हो गई हैं। लेकिन कोरोना महामारी, लॉकडाउन और उसके कारण देश में पैदा होने वाली भुखमरी और बेरोज़गारी, चरमपंथी हिंदू संगठनों के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं। लॉकडाउन से सबसे ज़्यादा ग़रीब तबक़ा प्रभावित हुआ है और उसमें एक बड़ी संख्या मुसलमानों की है, जो अब संघ परिवार के लिए एक आसान शिकार साबित हो रहा है।
इस दौरान चुन चुनकर उन मुस्लिम युवाओं को जेलों में ठूंसा जा रहा है, जिनसे किसी तरह के विरोध और विरोधियों का नेतृत्व करने की उम्मीद है।
पहले तो सरकार, पुलिस और मीडिया ने कोरोना वायरस फैलाने का आरोप मुसलमानों पर लगाकर उन्हें जमकर बदनाम किया और मुसलमानों के ख़िलाफ़ नफ़रत का माहौल तैयार किया, अब इसी कीचड़ में हिंदुत्ववादी नेता, कमल का फूल खिलाने में लगे हुए हैं।
टाइम्स ऑफ़ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक़, हिंदू मिशनरियों ने हरियाणा के हिसार ज़िले के बिथमारा गांव के 40 परिवारों का धर्मांतरण करा दिया और उन्हें हिंदू बना दिया।
पिछले ही हफ़्ते इससे पहले हरियाणा में 6 मुस्लिम परिवारों के हिंदू धर्म अपनाने की ख़बरें भी हैं।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार हिंदू धर्म स्वीकार करने के बाद, इन परिवारों ने अपने एक मृतक का अंतिम संस्कार भी हिंदू रीति रिवाजों के तहत किया है।
हिंदू धर्म स्वीकार करने वाले मंदिर ख़ान का कहना है कि वे सभी डोम जाति के हैं और उन्हें बताया गया है कि उनके पूर्वजों को औरंगज़ेब के दबाव में मुसलमान बनाया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि वे हिंदू संस्कृति और शैली के तहत ही जीवन व्यतीत करते थे, लेकिन अब इस्लाम से पूरी तरह से मुक्ति पाकर पूर्ण से हिंदू बन गए हैं।
डोम जाति को 1951 की अधिसूचना के तहत अनूसूचित जाति में रखा गया था, लेकिन डोम जाति के मुसलमानों और इसाईयों को इस आरक्षण के प्रावधान का लाभ नहीं मिला।
बता दें कि इससे पहले 18 अप्रेल को हरियाणा के ही जिंद जिले के दानोदा कलान गांव के 35 सदस्यों ने मुस्लिम धर्म छोड़कर हिंदू धर्म अपना लिया था।